लखीमपुर खीरी। जिला मुख्यालय पर स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति में स्थापित धान क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण करने के लिए जिले के नोडल अधिकारी मंडलायुक्त लखनऊ मंडल, लखनऊ रंजन कुमार डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह के साथ पहुंचे। मंडी में स्थापित धान क्रय केंद्रों में अपना धान क्रय करने आए किसानों से नोडल अधिकारी ने एक.एक से कर बात की। किसानों ने बताया कि सैंपल के साथ ही टोकन निर्गत किया गया था। उसी के अनुक्रम में आज वह अपना धान विक्रय करने क्रय केंद्र पर आए हैं। नोडल अधिकारी के पूछने पर किसानों ने बताया कि उन्हें धान क्रय करने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई है। उन्होंने किसानों के दस्तावेज देखे। काफी देर तक किसानों से बात कर धान क्रय केंद्रों की जमीनी हकीकत जानी। मौके पर मौजूद किसानों ने कमिश्नर के सम्मुख बताया कि मानक के अनुरूप धान आसानी से धान क्रय केंद्रों पर खरीदा जा रहा है। वही मानक विहीन धान मंडी में नीलामी प्रक्रिया के तहत विक्रय किया जा रहा है। नोडल अधिकारी ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप सभी किसानों का नियमानुसार क्रय केंद्रों पर धान क्रय किया जाए। साथ ही किसानों को राजकीय धान क्रय केंद्रों पर धान क्रय करने हेतु एवं समर्थन मूल्य प्राप्त करने हेतु प्रोत्साहित एवं जागरूक किया जाए। किसानों के कल्याण के लिए सरकार दृढ़ संकल्पित है। वहीं सरकार की योजनाओं को पलीता लगाने वाले को जेल भेजा जाएगा। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने नोडल अधिकारी को बताया कि कृषि उत्पादन मंडी समिति में कुल 07 केंद्र स्थापित किए गए है। जिसमें खाद्य 02, एफसीआई 01, पीसीएफ 01, पीसीयू 01, एनसीसीएफ 01 व मंडी 01 क्रय केंद्र हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *