जालौन। उत्तर प्रदेश के जालौन में बाल यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार रिटायर्ड कानूनगो राम बिहारी राठौर की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। गुरुवार को तीन और बच्चों ने आरोपी पर शोषण का केस दर्ज कराया है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने आरोपी के घर पर छापा मारकर कुछ इलेक्ट्रानिक गैजेट्स बरामद किए हैं।

बताया जा रहा है कि उसके लैपटॉप से 320 अश्लील वीडियो मिले हैं। अभी शुरुआती जांच में पांच बच्चे सामने आए हैं। जैसे-जैसे जांच बढ़ेगी तो और भी कई राज खुलेंगे। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने क्षेत्र के करीब 50 बच्चों को अपना शिकार बनाया है

पूर्व में जुआ खिलवाता था आरोपी

पुलिस अधीक्षक डॉक्टर यशवीर सिंह ने बताया कि पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि आरोपी राम बिहारी राठौर किसी के साथ मिलकर तो यह काम नहीं करता था? उन्होंने बताया कि अब तक की जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज हो चुके हैं। वह सट्टा और जुआ खिलवाने का भी काम करता था। पीड़ित बच्चों को खोजने का प्रयास किया जा रहा है।

ऐसे खुला मामला
कोंच कोतवाली क्षेत्र के भगत सिंह नगर निवासी राम बिहारी राठौर रिटायर्ड कानूनगो है। उसकी पत्नी की छह माह पहले बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। उसके कोई संतान नहीं है। वह भारतीय जनता पार्टी का नगर उपाध्यक्ष रहा है। लेकिन गिरफ्तारी के बाद पत्र जारी कर उसे पार्टी से पहले ही बाहर किए जाने की सूचना दी गई। दरअसल, 9 जनवरी को राम बिहारी ने दो बच्चों पर हार्ड डिस्क चोरी का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी।

पुलिस ने जांच बढ़ाई तो बच्चे खुद थाने पहुंच गए। बच्चों ने हार्ड डिस्क पुलिस को मुहैया कराते हुए बताया कि राम बिहारी ने उनका यौन शोषण किया है। बहाने से घर बुलाकर नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश किया और गंदा वीडियो बना लिया। पुलिस ने हार्ड डिस्क देखी तो मामला सही मिला। इसके बाद बच्चों की शिकायत पर पुलिस ने उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कर बुधवार को आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। उसे जेल भेज दिया गया है।

तीन और मामले दर्ज
इस बीच गुरुवार को तीन और बच्चे सामने आए। जिन्होंने भी आरोपी राम बिहार राठौर पर यौन शोषण का आरोप लगाया। पुलिस ने बच्चों की तहरीर पर भी मामला दर्ज किया है। फॉरेंसिक टीम को अब तक आरोपी के घर से हार्ड डिक्स, लैपटॉप और डीवीआर बरामद हुआ है जिसमें करीब 320 पोर्न वीडियो बरामद हुए हैं।

बांदा में भी गिरफ्तार हुआ था JE
इससे पहले बांदा में भी सिंचाई विभाग का एक जूनियर इंजीनियर रामभवन 50 से अधिक बच्चों के यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार हो चुका है। उसे 16 नवंबर को CBI ने चित्रकूट स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया था। इस प्रकरण में गुरुवार को एम्स के डॉक्टरों की टीम CBI के साथ चित्रकूट पहुंची है। टीम पीड़ित बच्चों का मेडिकल करेगी। टीम में दो महिला और तीन पुरुष डॉक्टर शामिल हैं। CBI ने अब तक 25 से ज्यादा बच्चों को चिन्हित किया है। जिनका लगातार दो दिनों तक मेडिकल टेस्ट होगा। मेडिकल के दौरान अहम सबूत जुटाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *