केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने किया शुभारंभ, स्टालों का किया अवलोकन
लखीमपुर खीरी।
पीएम नरेंद्र मोदी के उद्घोष वोकल फ़ॉर लोकल की अवधारणा पर तीन दिवसीय ओडीओपी उत्पादों, हस्तशिल्पियों से निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी स्थानीय विलोबी हाल में आयोजित हुई। प्रदर्शनी का शुभारंभ केंद्रीय गृह राज्यमंत्री/खीरी सांसद अजय मिश्र टेनी ने भाजपा जिला अध्यक्ष सुनील सिंह व प्रभारी डीएम अनिल कुमार सिंह की मौजूदगी में फीता काटकर एवं दीप जलाकर किया। इसके उपरांत उन्होंने सभी स्टालों का अवलोकन कर उनके उत्पादों के संबंध में जरूरी जानकारी प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी ने कहा कि पीएम के नेतृत्व में भारत आर्थिक रूप से सशक्त हो रहा। निर्यात अधिक हो, आयात कम हो इसके लिए सरकार निरंतर योजनाएं बनाकर उनपर काम कर रही है। भारत का दिनोंदिन सम्मान बढ़ रहा है। भारतीय उत्पादों की खपत बढ़े, उनका निर्यात बढ़े इसके लिए सरकार काम कर रही है। भारत में सरकार ने 2030 तक एक हजार अरब डालर निर्यात करने का लक्ष्य नियत है। सरकार ने सभी की जरूरतें पूरी करने के साथ ही निर्यात में आने वाली बाधाओं को दूर किया। तीन दिनों तक चलने वाले इस मेले का आनंद उठाएं। स्थानीय उत्पादकों का हौसला बढ़ाएं उन्हें आगे बढ़ाने में मदद करें। भाजपा जिला अध्यक्ष सुनील सिंह ने तीन दिवसीय वोकल फ़ॉर लोकल की अवधारणा पर आयोजित तीन दिवसीय ओडीओपी उत्पादों, हस्तशिल्पियों से निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी की आवश्यकता एवं प्रासंगिकता बताइ। उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को रेखांकित किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अफसरों ने प्रदर्शनी में लगे स्टालों पर उत्पादों का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में भाजपा नेता कुलभूषण सिंह, विजय शुक्ला रिंकू, अरविंद गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि अरविंद सिंह संजय, जितेंद्र त्रिपाठी, अम्बरीष सिंह, उपायुक्त उद्योग संजय सिंह, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *